BPSC TRE 4 Exam 2026: बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर छात्र संगठनों ने परीक्षा पैटर्न और सिलेबस में बदलाव की मांग उठाई है। इस संबंध में बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रोशन ने 24 अगस्त 2026 को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के अध्यक्ष को पत्र भेजकर छात्र संघों की मांगों से अवगत कराया है।
पत्र के अनुसार, 24 अगस्त को विभिन्न छात्र संघों के प्रतिनिधियों ने शिक्षा विभाग के सचिव से मुलाकात कर TRE-IV से संबंधित कई मांगें रखीं। छात्रों का कहना है कि शिक्षक भर्ती परीक्षा में मुख्य रूप से B.Ed. और D.El.Ed. करने के बाद अभ्यर्थी शामिल होते हैं। ऐसे में परीक्षा में बाल मनोविज्ञान और शिक्षण विधि से जुड़े ज्ञान को पर्याप्त महत्व दिया जाना चाहिए।
TRE-4 में 50% प्रश्न बाल मनोविज्ञान से कराने की मांग
छात्र संघों ने मांग की है कि TRE-4 की आगामी परीक्षा के सिलेबस में 50 प्रतिशत प्रश्न बाल मनोविज्ञान से और शेष 50 प्रतिशत प्रश्न सामान्य ज्ञान (GK) एवं सामान्य अध्ययन (GS) से शामिल किए जाएं।
इसके अलावा GK/GS के प्रश्नों में 30 प्रतिशत प्रश्न बिहार से संबंधित रखने का सुझाव दिया गया है। इसमें बिहार का गौरवशाली इतिहास, राजनीतिक-आर्थिक एवं भौगोलिक क्षेत्र तथा बिहार के सामान्य ज्ञान से जुड़े विषय शामिल करने की मांग की गई है।
एक अभ्यर्थी, एक परिणाम की भी मांग
छात्र संघों की ओर से “एक अभ्यर्थी, एक परिणाम” की मांग भी शिक्षा विभाग के समक्ष रखी गई है। इसका उद्देश्य शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में परिणाम को लेकर होने वाली संभावित विसंगतियों को कम करना है।
हालांकि, पत्र में इन मांगों को छात्रों द्वारा उठाई गई मांगों के रूप में रखा गया है। BPSC TRE-4 के आधिकारिक सिलेबस या परीक्षा पैटर्न में बदलाव की अंतिम घोषणा अभी आयोग द्वारा किया जाना बाकी है। अभ्यर्थियों को किसी भी बदलाव के लिए BPSC की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना चाहिए।